मृतका जसप्रीत कौर (17) निवासी फिल्लौर ने इसी वर्ष 12वीं की पढ़ाई पूरी कर कॉलेज में एडमिशन लिया था। वह पहले दिन घर से कालेज के लिए निकली थी। कालेज पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।
जालंधर में पहले दिन घर से कॉलेज के लिए निकली छात्र की बस चालक की लापरवाही की वजह से जान चली गई। घटना बीएसएफ चौक की है।
विज्ञापन
लड़की बस से उतर रही थी। उसने ड्राइवर और कंडक्टर को आवाज लगाई थी कि वह नीचे उतर रही है, लेकिन बस चालक ने बस भगा ली, जिससे वह नीचे गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान जसप्रीत कौर (17) निवासी फिल्लौर के रूप में हुई है। उसने इसी वर्ष 12वीं की पढ़ाई पूरी कर कॉलेज में एडमिशन लिया था। पिता ने बताया कि बेटी को पढ़ने का बहुत शौक था और वह पढ़ने में भी होशियार थी। वह पहले दिन घर से कालेज के लिए निकली थी। कालेज पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया। हादसे के बाद पारिवारिक सदस्यों का रो-रो बुरा हाल था, जिसे देखकर हर किसी की आंख नम हो गई।
थाना बारादरी की पुलिस ने परिजनों के बयान पर ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना बारादरी के प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मृतका के पिता बलवंत सिंह ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी खालसा कालेज में पढ़ने के लिए पंजाब रोडवेज की बस से गई थी। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने लड़की के पिता के बयानों पर ड्राइवर नाथ सिंह और कंडक्टर गुरजीत सिंह दोनों निवासी संगरूर के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।