पठानकोट। पंजाब-हिमाचल सीमा से सटे गांव डैंक्वा में थाना डमटाल पुलिस ने रविवार देर रात पूर्व पंचायत उपाध्यक्ष की दुकान से 4 जिलेटिन, 6 डेटोनेटर व एक तार बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय सतीश कुमार के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक डमटाल पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा के नेतृत्व में थाना डमटाल प्रभारी हरीश गुलेरिया, सब इंस्पेक्टर रमेश बैंस सहित पुलिस टीम ने गांव डैंक्वा में पूर्व उपप्रधान की करियाने की दुकान पर दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ने अपनी दुकान पर बारूद छिपाया है, जिस पर पुलिस ने दबिश दी।
पुलिस टीम ने आरोपी की दुकान के साथ लगती अन्य दुकान जिसका शटर बंद था उसे खुलवाया। दुकान की तलाशी में 4 जिलेटिन (रॉड), 6 डेटोनेटर व एक डिफ्यूज तार बरामद की गई। डीएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार की दुकान से बारूद की खेप को बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर थाना डमटाल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि बारूद की खेप आरोपी के पास कहां से आई और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था। डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।