जालंधर। भार्गव नगर में कुछ दिन पहले कांग्रेसी और भाजपा समर्थकों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना में पुलिस ने सोमवार को कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। इससे बवाल हो गया। इसके बाद भाजपाइयों ने नकोदर रोड पर जाम लगा दिया। कांग्रेसी समर्थकों की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई के विरोध में भाजपा, अकाली और आप एक मंच पर इकट्ठा हो गए। भाजपा प्रत्याशी मोहिंदर भगत, आप प्रत्याशी शीतल अंगुराल और अकाली नेता कीमती भगत समर्थकों के साथ पकड़े गए युवक के समर्थन में थाने पहुंच गए और नारेबाजी की। इस दौरान आरोप लगाया कि आरोपी को पुलिस ने कांग्रेस के प्रेशर में गिरफ्तार किया है।
एडीसीपी टू हरपाल सिंह, एसीपी वेस्ट वरयाम सिंह और थाना भार्गव कैंप के प्रभारी कुलदीप सिंह भी वहां पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी महेंद्र भगत ने बताया कि पुलिस ने मुकेश नाम के जिस व्यक्ति को विवाद में उठाया है, वह मौके पर था ही नहीं। वहां की सारी वीडियो पुलिस ने निकलवा ली है। मुकेश उसमें नहीं था। इसके बावजूद कांग्रेसी समर्थकों ने उसका नाम लिखा दिया और पुलिस ने बिना जांच के मुकेश को उठा लिया। एडीसीपी हरपाल सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।