गढ़शंकर। फेसबुक पर बने मित्र प्रदीप सिंह के शादी से इंकार करने पर उस पर व उसकी मां कुलविंदर कौर पर दुष्कर्म, साजिश रचने व धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में 32 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी दोस्ती फेसबुक सोशल नेटवर्किंग साइट के माध्यम से प्रदीप सिंह पुत्र रत्न सिंह वासी मुखोमजारा के साथ हुई थी। इस बात की सूचना प्रदीप सिंह की मां को होने पर उन्होंने अपने बेटे को घर व जमीन जायदाद से बेदखल कर दिया। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद प्रदीप सिंह उसके पास पति के रूप में रहने लगा और जल्द शादी कराने की बात कहकर उसके साथ संबंध बनाने लगा। उसने आरोप लगाया कि इस दौरान उसने उसके विरुद्ध शादी न करने के लिए शिकायत दे दी। इस पर प्रदीप सिंह ने 15 अप्रैल को राजीनामा करते हुए जल्द शादी करने का इकरार किया पर इसके बाद वह वापस लौट कर नहीं आया और न ही उससे शादी की। उसने बताया कि प्रदीप सिंह अपनी मां के पास ही गया और उसकी मां कुलविंदर कौर ने यह साजिश रची है। उसने पुलिस से गुहार लगाई की प्रदीप सिंह व उसकी मां कुलविंदर कौर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। माहिलपुर पुलिस ने पीड़िता के बयान पर प्रदीप सिंह पुत्र रत्न सिंह व कुलविंदर कौर पत्नी रत्न सिंह वासी मुखोमजारा थाना चब्बेवाल के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।