टांडा (रामपुर)। ग्राम सींगनी निवासी व्यक्ति ने रामपुर निवासी व्यक्ति पर विदेश भेजने के नाम पर पैसे लेने और धोखाधड़ी करते हुए दूसरा वीजा दिलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम सींगनी निवासी समीर अली ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी मुलाकात रामपुर निवासी सलामत खां से पांच माह पूर्व हुई तो उसने बताया कि वो विदेश भेजने का काम करता है। पूछने पर उसने बताया कि उसके पास टेलर की वैकेंसी है और वो उसे कतर में 2500 रियाल की नौकरी दिलवा देगा। इसमें उसके एक लाख बीस हजार रुपये खर्च आएंगे। इसपर उसने सलामत को दस्तावेज और दो बार में 34 हजार रुपये दे दिए। नौ मई में उसने वीजा की कॉपी दी और टिकट के लिए बाकी बचे हुए पैसे मांगे तो उसने बाकी बचे 86 हजार भी उसको दे दिए। जब उसके पास वीजा आया तो उसने देखा कि वो वीजा सिलाई का न होकर ड्राइवर का था और उसकी सैलरी भी 1200 कतरी रियाल थी। जब उसने सलामत से वीजा के बार में पूछा तो उसने कहा की यही वीजा है जाने है तो जाओ वरना मत जाओ। जब उसने पैसे और कागज वापस मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया। पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।