स्थानीय जेएमआईसी की अदालत ने बरगाड़ी बेअदबी मामले में इसी साल जनवरी माह के दौरान भगौड़े करार दिए जा चुके डेरा सच्चा सौदा सिरसा की राष्ट्रीय कमेटी के तीन सदस्यों हर्ष धुरी, प्रदीप कलेर और संदीप बरेटा की प्रापर्टी अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अदालत ने केस की जांच कर रही पंजाब पुलिस की एसआईटी ने इन तीनों आरोपियों की चल अचल संपति का ब्यौरा जुटाने के आदेश दिए है जिसके बाद एसआईटी ने राजस्व विभाग व बैंकों से संपर्क साधा है।
बरगाड़ी बेअदबी मामले से संबंधित गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला के गुरुद्वारा साहिब से पावन ग्रंथ चोरी किए जाने की घटना में पिछले साल एसआईटी ने डेरा सिरसा के 7 अनुयायियों को गिरफ्तार किया था और बाद में इसी केस में इन सातों आरोपियों समेत डेरा सिरसा के राष्ट्रीय कमेटी के उक्त तीनों सदस्यों के साथ-साथ डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। जांच जारी रखते हुए एसआईटी ने पावन स्वरूप चोरी करने की घटना में इन तीनों कमेटी सदस्यों के गिरफ्तारी वारंट भी जारी करवाए और उनकी तलाश में पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में दबिश भी दी गई लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया।
लंबी प्रक्रिया के बाद एसआईटी के आग्रह पर जनवरी 2021 में अदालत ने तीनों को भगौड़ा करार दे दिया था और अब इनकी प्रापर्टी अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मालूम हो कि कुछ समय पहले एसआईटी ने बरगाड़ी बेअदबी मामले की मुख्य घटना के अलावा गांव बुर्ज जवाहर सिंह के गुरुद्वारा साहिब के बाहर विवादित पोस्टर लगाने की घटनाओं में भी 6 अनुयायियों को गिरफ्तार किया था और इन घटनाओं में भी चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इन दोनों घटनाओं में भी एसआईटी ने डेरा की राष्ट्रीय कमेटी के उक्त तीनों सदस्यों को भी नामजद किया हुआ है और इनके गिरफ्तारी वारंट भी जारी करवाए हुए हैं। इन घटनाओं में भी इन्हें भगौड़े करार देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।