फिरोजपुर। पुलिस ने नई कारों से लदे कंटेनर के चालक को पांच किलो 100 ग्राम अफीम के साथ काबू किया है। चालक ने अफीम की डिलीवरी फिरोजपुर शहर के एक व्यक्ति को देनी थी। आरोपी राजस्थान से अफीम ला रहा था। उधर, थाना कैंट पुलिस ने बुधवार को दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है। अफीम की डिलीवरी लेने वाला आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक नारकोटिक्स कंट्रोल सेल का एएसआई अंग्रेज सिंह छावनी के पायलट चौक के पास पुलिस पार्टी संग गश्त कर रहा था। मुखबिर ने सूचना दी थी कि फिरोजपुर शहर की डाक खाने वाली गली का रहने वाला सूरज कुमार अफीम बेचने का धंधा करता है। उसे राजस्थान का एक व्यक्ति सप्लाई देने आता है। राजस्थान से आरोपी नई कारों से लदा कंटेनर लेकर आ रहा है। पुलिस ने पायलट चौक पर नाकाबंदी की और जैसे ही कंटेनर वहां से गुजरने लगा कि उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर कंटेनर के चालक से पांच किलो 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान सत्यवीर शेखावत वासी बालवार नीमकी जिला सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। जबकि आरोपी सूरज फरार है। उधर, थाना कैंट पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार व सत्यवीर शेखावत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।