कोटकपूरा। प्रेम नगर में भाजपा की प्रदेश सचिव सुनीता गर्ग के आवास के सामने 124 दिन से चल रहे धरने में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता की ओर से वीडियो बनाए जाने पर किसान भड़क गए। उन्होंने प्रदेश सचिव के घर का घेराव कर दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रदेश सचिव माफी नहीं मांगतीं तब तक उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने देंगे।
भाकियू नेता जसपाल सिंह नंगल, गुरपाल सिंह नंगल, भोला शर्मा, नछतर सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से शांतिपूर्वक ढंग से धरना दे रहे हैं। भाजपा नेताओं ने सोमवार को कार्यकर्ताओं के माध्यम से उनके धरने और ट्रालियों का वीडियो बनाई। जब उसे रोका गया तो वह मौके से फरार हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई किसानों को भड़काने की मंशा से की जा रही है ताकि दिल्ली की तरह माहौल को खराब किया जा सके। सूचना मिलते ही एसपी डॉ. बाल कृष्ण सिंगला, डीएसपी बलकार सिंह संधू और थाना सिटी एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की लेकिन किसान धरने पर डटे रहे।