गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर चल रहे शहर के बस्ती बावा खेल के नजदीक तारा सिंह एवेन्यू स्थित कच्चे कोट में मंगलवार को दिनदहाड़े दो लुटेरों ने मात्र 15 मिनट में घर में घुसकर बेटे को बंधक बनाकर उसकी 49 वर्षीय मां का गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को देर रात सलेमपुर मुसलमाना से गिरफ्तार कर लिया। एक जालंधर और दूसरा यूपी के फैजाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने उनके पास से 16 मोबाइल और डीवीआर बरामद किया है।
गांव चौगांवा निवासी माही संधू ने बताया कि उसके भाई गुरदीप सिंह की चार साल पहले मौत हो गई जबकि उसका बड़े बेटे का नशा छुड़ाओ केंद्र में इलाज चल रहा है। उसकी भाभी अपने बेटे के साथ बस्ती बाबा खेल के पास कच्चे कोट में रहती है। करीब 2 बजे उसकी भाभी कमलजीत का फोन आया कि उसके घर के बाहर दो शक्की व्यक्ति घूम रहे हैं।
उसने बताया कि उस समय घर में कमलजीत, 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला उसका बेटा सतबीर उर्फ गौरव (17) मौजूद थे नौकरानी छत पर थी। कमलजीत ने माही को बताया कि पहले आरोपियों ने दोपहर 1.26 बजे घर की रेकी की। 1.41 बजे दोबारा आए। माही ने अपनी भाभी को सलाह दी कि वह वह दरवाजा न खोले और पालतू कुत्ते को खुला छोड़ दे। इसी दौरान उसने चीख सुनी और फोन कट गया।
माही ने बताया कि मंगलवार को जब वह तारा सिंह एवेन्यू तो कोठी में पहुंची तो उसकी भाभी का लहूलुहान शव पड़ा था और पुलिस मौके पर मौजूद थी। घर के अंदर अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उनका कुत्ता भी घायल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और गौरव को पूछताछ के लिए साथ ले गई है।
घटनास्थल से 500 मीटर दूर खड़ी थी पीसीआर
एसीपी वेस्ट भूपिंदर सिंह ने कहा कि सामने के घर में लगे सीसीटीवी के फुटेज लिए गए हैं। उनके मुताबिक 15 मिनट में लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जब वे घर के बाहर निकले तो उन्होंने गली में दौड़ लगा दी। पुलिस ने दो लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। जिस समय वारदात हुई, वहां से पांच सौ मीटर दूर पीसीआर खड़ी थी। एसीपी का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद है किसी घर के भेदी ने ही वारदात को अंजाम दिया है।
नौकरानी ने फोन कर दी पुलिस को जानकारी
इस संबंध में एसीपी ने कहा कि उन्हें कत्ल की सूचना 4 बजे के करीब मिली। पुलिस को घर की नौकरानी का फोन आया था कि वह लुटेरों के घुसने के बाद छत से कूद गई और घायल हो गई । और इसके बाद वह बाबा खेल थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सतबीर बंधा हुआ था और डरा हुआ था। वह पुलिस को कुछ नहीं बता पाया।
स्पेशल आपरेशन यूनिट और सीआईए स्टाफ ने दोनों हत्यारों को सलेमपुर मुसलमाना से गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 16 मोबाइल फोन, चाकू और वारदात स्थल की डीवीआर बरामद हुई है। हत्यारों की पहचान काला मंडी, संतोषी नगर जालंधर निवासी राजकुमार और गांव मिलकपुर, जिला फैजाबाद , यूपी निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। राजकुमार छह साल पहले काजी मंडी में धर्मा कत्ल केस में कुछ दिन पहले ही सजा काटकर लौटा था।
-जसकिरनजीत सिंह, डीसीपी, इन्वेस्टिगेशन