महानगर के एक अस्पताल में पत्थरी का ऑपरेशन करवाने आए एक युवक की सोमवार को मौत हो गई है। युवक केपरिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसकी सूचना मिलते ही थाना 6 और 7 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक के परिवारवालों को जांच का भरोसा दिया।
मृतक की पहचान सतनाम सिंह निवासी गॉव घुगशोर के तौर पर हुई है। मृतक के भाई ऋषि ने अस्पताल के डॉक्टरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सतनाम को गुर्दे में पथरी की समस्या थी। उन्होंने सतनाम सिंह को 12 सितंबर को मिट्ठापुर रोड पर स्थित अमर अस्पताल दाखिल करवाया था। उसके भाई सतनाम के पत्थरी थी।
उसके पहले भी दो ऑपरेशन हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरतते हुए रविवार रात को उसके पेट की नाड़ काट दी थी। उसके बाद बीते रविवार रात से उसकी तबीयत काफी खराब हो गई और सोमवार सुबह सतनाम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि सतनाम सिंह की मौत अस्पताल की लापरवाही से हुई है। पुलिस को अस्पताल पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उधर अस्पताल प्रबंधन और डाक्टरों से जब बात करनी चाही तो उनमें से कोई भी सामने नहीं आया है। इस मामले की जांच कर रहे थाना नंबर 6 के अधिकारी सतिंदर चड्डा ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। अगर इस मामले में अस्पताल या किसी डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है तो आरोपी के खिलाफ पर्चा दर्ज करके कार्रवाई जरूर की जाएगी।