डिवीजनल कमिश्नर की कार के चालक अजीत सिंह के बेटे सुखविंदर सिंह पर लुटेरों ने हमला कर 4.64 लाख की राशि लूट ली। लुटेरों ने वारदात को रविवार रात को 9:30 पर बीएसएफ चौक के पास उस समय अंजाम दिया, जब सुखविंदर एमाजोन कंपनी के कार्यालय से नगदी लेकर जा रहा था।
पुरानी बारादरी के रहने वाले सुखविंदर सिंह को एक निजी अस्पताल दाखिल करवाया गया है। सुखविंदर सिंह ने बताया कि रविवार रात को वह नगदी से भरा बैग लेकर बीएसएफ चौक के पास एक गली में मुड़ा था कि एक नकाबपोश दीवार की ओर मुंह कर खड़ा था। उसको शक हुआ तो बाइक को वापस मोड़ा और स्लिप हो गया। इस बीच तीन लुटेरों ने उसको घेर लिया और आंखों में स्प्रेे डाल दिया।
उसने आंखें बंद करने के बावजूद बैग नहीं छोड़ा तो लुटेरों ने लोहे का राड उसके सिर पर मार दिया और बैग छीनकर फरार हो गए। एसएचओ बारदारी बलविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला संदिग्ध है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है।