तीन मार्च 2021 को यूनाइटेड किंगडम में हुए गीतिका गोयल हत्याकांड में गीतिका के पति कशिश को 20 साल की सजा सुनाई गई थी। अब कशिश के पिता धर्मदास का कहना है कि उनके बेटे को ससुराल वालों ने काफी परेशान किया था, उसकी विवाहित जिंदगी में दखलंदाजी की जा रही थी। उनका बेटा तो अपने बलबूते पर यूके में पैर जमा रहा था और खुद किश्तों पर घर लिया था।
यह भी पढ़ें - पंजाब: कांग्रेस से सुलह की खबरों का कैप्टन ने किया खंडन, बोले- अब बातचीत का समय खत्म हुआ
पंजाब के फिल्लौर की रहने वाली गीतिका गोयल की यूके में हत्या के मामले में अदालत ने उसके पति कशिश अग्रवाल को दोषी मानते हुए 20 साल 6 महीने की सजा सुनाई थी। कशिश ने लीस्टर शहर में इसी साल 3 मार्च को गीतिका की हत्या कर दी थी। कशिश जालंधर के राजा गार्डन का रहने वाला है। उसकी और गीतिका की शादी साल 2016 में हुई थी। यह हत्याकांड काफी चर्चा में रहा था।
गीतिका के भाई हेमंत ने आरोप लगाया था कि हमारे परिवार ने कशिश की काफी मदद की और यूके में उसको दो लग्जरी कार व घर भी लेकर दिया था। अब कशिश के पिता धर्मदास का कहना है कि उनके बेटे को अभी तक यूके की नागरिकता नहीं मिली थी। वह एमाजोन कंपनी में काम करता था। उसके ससुराल वालों के यह आरोप भी गलत हैं कि उन्होंने कशिश को दो लग्जरी कारें लेकर दी थी। हकीकत यह है कि कशिश के पास एक भी कार नहीं था। अभी तक कशिश भारतीय पासपोर्ट होल्डर था। कशिश व गीतिका ने अपनी मेहनत से घर लिया था, जिसकी किश्तें दी जा रही थी। पिता धर्मदास का कहना है कि कशिश काफी मेहनती था।