थाना सिटी पुलिस ने मोगा पासपोर्ट घोटाले में नामजद ट्रेवल एजेंसी मालिक के खिलाफ कनाडा भेजने का झांसा देकर 4.20 लाख ठगने के आरोप में धोखाधड़ी का एक और केस दर्ज किया है। इसके अलावा एक अकाली नेता के करीबी के खिलाफ आर्म्स लाइसेंस बनवा कर देने के नाम पर 52 हजार की ठगी के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
इस केस की जांच कर रहे हवलदार सुखपाल सिंह ने बताया कि जतिंदरपाल सिंह गांव राऊके कला की शिकायत पर स्वास्तिक ट्रेवलिंग एजेंट पास पुरानी कचहरी मोगा के मालिक दो भाइयों पंकज गौतम और अंकज गौतम निवासी शांति नगर मोगा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जिला पुलिस प्रमुख को दी शिकायत में जतिंदरपाल सिंह, शमशेर सिंह और सुरजीत सिंह निवासी राउके कला ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उन्हें कनाडा भेजने का झांसा दे उनसे 4,20 लाख की ठगी मारी है। जिला पुलिस प्रमुख के आदेश पर इस मामले की पड़ताल मानव तस्करी विंग की ओर से गई। प्राथमिक जांच में आरोप साबित होने के बाद स्वास्तिक ट्रेवल एजेंसी संचालक दोनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
इसके अलावा थाना सिटी पुलिस ने गुरतेज सिंह गांव सिंघावाला की शिकायत पर एक अकाली नेता का काम करते गुरसिमरनदीप सिंह पास देव समाज गर्ल्स स्कूल मोगा के खिलाफ पीड़ित को आर्म्स लाइसेंस बनवाकर देने के नाम पर 52 हजार की ठगी करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने न तो उसका आर्म्स लाइसेंस बनवाकर दिया और न ही उसकी रकम वापस की। पुलिस के मुताबिक जिला पुलिस प्रमुख के आदेश पर इस मामले की प्राथमिक जांच डीएसपी सिटी ने की और आरोप साबित होने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।