कमिश्नरेट पुलिस की बस्ती बावा खेल थाना की टीम ने 40 लाख की ठगी के आरोप में रिटायर्ड एईटीसी और उसके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को उनके महितपुर स्थित घर से पकड़ा, लेकिन आन रिकॉर्ड गिरफ्तारी सिर्फ बेटों की डाली गई।
जेपी नगर के रहने वाले वकील हितेश धीर का कहना है कि उन्होंने एईटीसी राजिंदर कौर और उसके बेटों के साथ सौ मरले जगह का सौदा किया था। इसमें उन्होंने चालीस लाख रुपये ठग लिए थे। तय हुआ था जमीन का बकाया पैसा एनओसी के बाद अदा होगा, लेकिन आरोपियों ने उसको बैंक की एनओसी नहीं दी और न ही पैसा लौटाया।
एसएचओ गुरप्रीत सिंह के अनुसार हितेश के बयान पर एईटीसी व उसके बेटों सरविजय और रनविजय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इस मामले की पहले उच्च स्तरीय जांच हुई थी, जिसमें एईटीसी और उसके बेटों पर आरोप सही पाए गए थे। उन पर जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया गया था। बुधवार को पुलिस की एक टीम ने महितपुर में छापामारी की। एईटीसी राजिंदर कौर व उसके दोनों बेटे घर पर ही मिल गए। पुलिस उनको गिरफ्तार कर जालंधर लाना चाहती थी, लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव होने से पुलिस को करीब दो घंटे का समय लग गया।