न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के एक वरिष्ठ संभागीय प्रबंधक को
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने होशियारपुर से गिरफ्तार किया है। आरोप
है कि आरोपी ने कंपनी को जेनरेटर सप्लाई करने के लिए एक ठेकेदार से 60 हजार
रुपये की रिश्वत की मांग की और सौदा तय होने पर 50 हजार रुपये लिए। सीबीआई
की टीम ने आरोपी के निवास पर भी तलाशी ली और कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए।
उसे पटियाला में विशेष सीबीआई कोर्ट में वीरवार को पेश किया गया जहां से
उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एक ठेकेदार द्वारा
सीबीआई के पास एक शिकायत दायर की गई थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि उसकी
फर्म पिछले कई साल से न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, होशियारपुर के लिए
जनरेटर सेट सेवाएं प्रदान कर रही थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक कंपनी को
जनरेटर उपलब्ध कराने के लिए उनकी फर्म का अनुबंध 31 मार्च को समाप्त हो गया
था। चालू वित्तीय वर्ष के लिए नया अनुबंध अभी तक हस्ताक्षरित नहीं हुआ था
और इसके लिए उसने अपनी फर्म के नए सिरे से अनुबंध करने के लिए ताजा कोटेशन
प्रस्तुत किया था।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनके पक्ष में अनुबंध पारित
करने के लिए सीनियर डिवीजनल मैनेजर रामकृष्ण ने उससे 60 हजार रुपये की
रिश्वत की मांग की थी। शिकायत प्राप्त होने पर सीबीआई की विशेष टीम तैयार
की गई। शिकायतकर्ता ने आरोपी के साथ 50 हजार में सौदा तय कर लिया।
शिकायतकर्ता को उक्त राशि के विशेष रूप से चिह्नित करेंसी नोट दिए गए
जिन्हें जैसे ही उसने आरोपी के हवाले किया, सीबीआई की टीम ने उसे गिरफ्तार
कर लिया।