ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही एक छात्रा को रविवार शाम करीब साढे़ पांच बजे मौड़ रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक की लोगों ने पिटाई कर दी।
मौड़ रोड की सुभाष बस्ती निवासी राजू की 12 वर्षीय बेटी रेखा पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। ट्यूशन पढ़ने के बाद शाम करीब साढे़ पांच बजे जब वह घर के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के उपरांत ट्रक चालक ने भागना चाहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। लोगों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर मौके पर ही धरना जमा दिया।
लोगों की मांग थी कि इस रोड से कैटल फीड की फैक्टरी बंद करवाई जाए। इस दौरान ही मौके पर शिअद के हलका प्रभारी कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी भी पहुंच गए। उन्होंने मोहल्ला निवासियों से एक दिन का समय मांगा। रोजी ने कहा कि वह मंगलवार को केटल फैक्टरी सील करवा देंगे।
इसके साथ ही उनकी अन्य मुश्किलें भी हल की जाएंगी। इसके बाद धरनाकारियों ने अपना धरना समाप्त किया। डीएसपी हरमीक सिंह दयोल, थाना सिटी प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह ने धरनाकारियों को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का विश्वास दिलाया।