जिमखाना क्लब के बाहर मंगलवार दोपहर को एक सड़क हादसे में डाकखाने के कैशियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मॉडल हाउस के यशपाल के रूप में हुई है।
घटना उस समय घटी, जब यशपाल अपनी बाइक से जा रहे थे, एक कार ने उनको टक्कर मार दी। इससे उनके हेलमेट के टुकड़े टुकड़े हो गए और खून बहने लगा। इस दौरान लोग जमा हो गए। पुलिस भी आई, मगर किसी ने अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि 50 कदम की दूरी पर ही अस्पताल था।
करीब बीस मिनट बाद एक व्यक्ति आया तो वह उन्हें नजदीकी गुरु नानक अस्पताल ले गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मॉडल हाउस के रहने वाले यशपाल के भतीजे गौरव ने आरोप लगाया कि काफी समय तक अस्पताल न ले जाने से ही उनकी मौत हुई है।