सहकारी बैंक में चोरी का प्रयास
चोर बैंक की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए
चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर ले गए अपने साथ
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत गांव सांदे हाशम स्थित केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड से चोरों ने घुसकर सेफ तोड़कर नकदी चुराने का प्रयास किया। चोरों ने सेफ का ऊपरी हिस्सा गैस कटर से काट कर देखा तो चेक बुक और अन्य दस्तावेज मिले। बैंक मैनेजर कुलविंदर सिंह की शिकायत पर थाना कुलगढ़ी पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक चोर बैंक के मुख्य गेट के साथ की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए। स्ट्रांग रूम के लोहे के गेट गैस कटर से काट दिए और सेफ की दीवार तोड़ दी। उसके बाद सेफ का ऊपरी हिस्सा गैस कटर से काट दिया। चोरों ने जब सेफ के अंदर देखा तो उसमें चेक बुक और अन्य दस्तावेज पड़े थे। सेफ के अंदर नकदी नहीं थी। नकदी सेफ के दूसरे हिस्से में थी। बताया जा रहा है कि चोरों को स्ट्रांग रूम के दो लोहे के गेट काटने और सेफ की दीवार तोड़ने में काफी समय बर्बाद हो गया था। इसलिए चोर सेफ का दूसरा हिस्सा काटने में सफल नहीं हुए और बैंक की नकदी बच गई। चोर जाते समय बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। मामले की तफ्तीश कर रहे एसआई कुलवंत सिंह का कहना है कि बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।