आरोपी के भाई पूर्व सरपंच ने पुलिस के पास शिकायत देकर किया खुलासा
जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया केस
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना निहाल सिंह वाला के गांव रंसीह खुर्द निवासी पूर्व सरपंच छिंदरपाल सिंह ने एसएसपी मोगा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि उनके बड़े भाई गुरमेल सिंह ने कनाडा सरकार के पेंशन लेने के लिए गलत जन्मतिथि के दस्तावेज लगाकर पासपोर्ट बनवाया है। एसएसपी की ओर से करवाई गई जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना निहालसिंह वाला में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत पासपोर्ट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
थाना निहालसिंह वाला के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता पूर्व सरपंच छिंदरपाल सिंह वासी गांव रंसीह खुर्द ने 10 जुलाई 2017 को एसएसपी मोगा को दी लिखित शिकायत में कहा कि उसका बड़ा भाई गुरमेल सिंह वर्ष 2006 में कनाडा वेनकुवर चला गया था। भाई ने वर्ष 2001 में अपने सही दस्तावेज जिसमें उसकी उम्र 1955 थी लगाकर चंडीगढ़ से अपना पासपोर्ट बनवाया था। इस दौरान आरोपी ने पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय खुद को आठवीं पास बताया था। आरोपी को वर्ष 2011 तक की वैधता का पासपोर्ट जारी हुआ था और वह वर्ष 2006 में कनाडा चला गया। कनाडा सरकार से बुढ़ापा पेंशन लेने के लिए आरोपी ने भारत से एक और आधार कार्ड बनवा लिया। इसपर उसने अपनी उम्र वर्ष 1945 दर्ज करवाई और खुद को अनपढ़ दिखाया। वेनकुंवर में आरोपी ने अपना नया पासपोर्ट बनवा लिया। 65 वर्ष की आयु देखकर कनाडा में आरोपी की बुढ़ापा पेंशन 1200 डालर प्रति माह शुरू हो गई। जब शिकायतकर्ता को इस बारे में पता चला तो उसने पुलिस के खिलाफ इसकी शिकायत कर दी। एसएसपी मोगा की ओर से मामले की जांच डीएसपी डी से करवाई गई तो आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी गुरमेल सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी गुरमेल सिंह करीब एक माह पहले भारत आया था और केस दर्ज होने की भनक लगते ही वह फरार हो गया।