अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। चोरों ने सोमवार रात मंडी नं.1 में स्थित यूको बैंक की शाखा में चोरी की कोशिश की लेकिन बैंक के लॉकर व सेफ अत्याधुनिक सुरक्षा सिस्टम से जुड़े होने के कारण कामयाब नहीं हो सके। मामले की सूचना मिलने ही डीएसपी राहुल भारद्वाज व थाना सिटी-1 अबोहर के एसएचओ परमजीत कुमार पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बैंक के सीनियर प्रबंधक आनंद राज ने बताया कि रात करीब डेढ़ से ढाई बजे के बीच चार चोरों ने बैंक के मुख्यद्वार के ताले तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने सबसे पहले बैंक के बाहर व गेट के अंदर लगे कैमरे तोड़ दिए। बाकी सभी कैमरों को दीवार की ओर घुमाकर डीवीआर बंद कर दिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड फुटेज से सिर्फ इतना ही पता चल सका है कि बैंक में सेंधमारी करने वाले 4 चोरों में से तीन ने नकाब पहना हुआ था। चोरों ने बैंक के अंदर सभी दराजों व अलमारियों को पूरी तरह से खंगाला लेकिन स्ट्रांगरूम तक नहीं पहुंच सके। इससे लॉकर व सेफ में पड़ा सारा सामान सुरक्षित रहा।