मंडी का पुराना कर्मचारी निकला लुटेरा
देहात पुलिस ने आढ़ती के मुनीम को लूटने वाले चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। मकसूदां मंडी के पास आढ़ती के मुनीम से लूट करने वाले आरोपियों को देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने वाला मंडी का ही पुराना कर्मचारी राहुल कत्याल उर्फ साबी पुत्र बूटा राम निवासी न्यू ज्वाला नगर हैं। इसके अलावा लूट करने वाले तीन आरोपियों पलविंदर सिंह उर्फ लाडी पुत्र महिंदर सिंह निवासी बेगोवाल जिला कपूरथला, मंगत राम उर्फ बंटी पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी बेगोवाल जिला कपूरथला व परमजीत सिंह उर्फ पम्मा पुत्र राम लुभाया निवासी ज्वाला नगर को पकड़ा गया।
प्रेसवार्ता के दौरान एडीसीपी-वन परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि फ्रूट व्यापारी के मुनीम बलदेव राज से 10 सितंबर को बाइक सवार तीन लुटेरे रुपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए थे। बैद में 2 लाख 13 हजार रुपये थे। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। उन्होंने बताया एसीपी नवनीत सिंह माहल की अगुवाई में थाना एक और स्पेशल आपरेशन सेल के प्रभारी नवदीप सिंह ने इलाके में लगे सीसीटीवी की जांच की तो उसमें पता चला कि लूट को अंजाम देने के बाद तीनों लुटेरे राहुल कत्याल उर्फ साबी से मिले और अलग-अलग बाइक पर वहां से चले गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल करीब 5-6 साल पहले मकसूदां मंडी में ही काम करता था। उसकी मंडी के तमाम आढ़तियों के साथ पहचान हैं और सब के आने जाने के टाइम के बारे में भी उसे पता था। राहुल ने ही पहले मुनीम बलदेव राज की रेकी की और अपने साथियों को वारदात को अंजाम देने के बारे में कहा। वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल और तीनों लुटेरे पलविंदर सिंह उर्फ लाडी, मंगत राम उर्फ बंटी व परमजीत सिंह उर्फ पम्मा गांव वरियाणा पहुंचे औप बैग से रुपयों को निकालकर आपस में बांट लिया। इंस्पेक्टर नवदीप सिंह और थाना एक कि पुलिस ने राहुल को काबू कर उससे साथियों के बारे में पता किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से काबू कर उनके पास से एक लाख 55 हजार रुपये और दो बाइक बरामद की। पूछताछ में आरोपी मंगत राम और परमजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने 8 सितंबर को टैगोर पार्क से एक महिला व पुरुष से आभूषण लूटे थे। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी, ताकि और भी मामले हल हो सके।