गर्भवती बहू को पानी में दिया जहर, बच्चे की मौत
बहू के काले रंग से थी नफरत, पति समेत चार पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
ससुराल वालों ने चार माह की गर्भवती बहू को पानी में जहरीली दवा दे दिया। इससे बहू के पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। आरोप है ससुराल परिवार बहू के काले रंग से नफरत करते थे, इसीलिए उसके साथ ऐसा व्यवहार किया। बेटी की हालत देख पिता अस्पताल में दाखिल है। थाना लक्खोके बहराम पुलिस ने शुक्रवार को पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता परविंदर कौर (30) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसे ससुराल पक्ष के लोगों ने पानी में कोई जहरीली दवा मिलाकर पीला दी। इससे उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे लुधियाना के एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया। जहरीली दवा के कारण पेट में पल रहे चार माह के बच्चे की मौत हो गई। उधर, पीड़िता के मौसा ने बताया कि 11 माह पहले परविंदर कौर की शादी अजय पाल पुत्र खुशविंदर सिंह वासी थेह गुजर के साथ हुई थी। मौसा ने बताया कि ससुराल पक्ष शादी के बाद कहने लगे कि लड़की का रंग काला है। मौसा ने आरोप लगाया कि काले रंग की बहू से छुटकारा पाने के लिए ससुराल वालों ने परविंदर को जहर दिया है। उधर, बेटी परविंदर कौर का हालत देख पिता बलजिंदर सिंह निवासी थेह गुजर की भी तबियत बिगड़ गई। इस पर उसे अस्पताल में दाखिल कराया पड़ा। मामले की जांच कर रहे एएसआई हरमीत चंद ने बताया कि पीड़िता के बयान पर आरोपी पति अजयपाल सिंह, ससुर खुशविंदर सिंह, सास सुखविंदर कौर व देवर दलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।