10 दिन पहले पुलिस ने किया था गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
जिला पुलिस ने 10 दिन पहले गिरफ्तार खालिस्तानी संगठनों से जुड़े दोनों आतंकियों को पुलिस रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। यहां से अदालत ने आतंकी बठिंडा के गांव बंगी निहाल निवासी संदीप सिंह और थाना सदर डबवाली (सिरसा) के गांव चठ्ठा निवासी अमर सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने इन दोनों को 10 मई को कोटकपूरा से गिरफ्तार किया था। उनसे दो पिस्टलें और 40 कारतूस बरामद किए गए थे।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के अगले दिन 11 मई से ही पुलिस रिमांड पर रहे दोनों आतंकियों की पूछताछ के दौरान पुलिस को काफी अहम जानकारियां हासिल हुई हैं। जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों को विदेश में कार्यरत खालिस्तानी संगठनों ने टारगेट किलिंग के लिए तैयार किया था। इसके लिए उन्हें न सिर्फ हथियार मुहैया करवाए गए बल्कि उन्हें विदेश से ही फंडिंग भी की गई। पुलिस ने सुबूत के तौर पर इन दोनों आतंकियों की विदेश में फोन पर हुई बातचीत के ब्योरे की डिटेल भी निकलवाई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन्हें हरेक टारगेट किलिंग के एवज में एक लाख रुपये का भुगतान मिलना था। पहले चरण में उन्हें मोगा के एक हिंदू नेता व मुक्तसर में पावन ग्रंथ की बेअदबी करने वाली महिला को ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दोनों का संबंध आस्ट्रेलिया में बैठे आतंकी गुरजंट सिंह के साथ है।