अमर उजाला ब्यूरो
जैतो(फरीदकोट)। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की हिदायतों पर स्थानीय पुलिस ने करीब साढ़े छह साल पहले अपनी ही पार्टी की महिला पार्षद को जाति सूचक शब्दबोलने के मामले में जांच के आधार पर नगर काउंसिल के उपाध्यक्ष व भाजपा नेता प्रदीप सिंगला के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद भाजपा नेता को गिरफ्तार भी कर लिया और उन्हें मंगलवार को जैतो की अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार यह मामला 9 फरवरी 2011 का है। उस दिन नगर काउंसिल में उपाध्यक्ष पद का चुनाव किया जाना था। आयोग को भेजी शिकायत उस समय की नगर पार्षद राज बाला ने बताया कि प्रदीप सिंगला के बतौर उपाध्यक्ष एक साल की टर्म पूरी हो चुकी थी और पार्टी के फैसले के मुताबिक अगले साल के लिए सुमित्रा देवी को उपाध्यक्ष बनाया जाना था। चुनावी बैठक के लिए जब राज बाला सुबह 11 बजे काउंसिल दफ्तर पहुंची तो प्रदीप सिंगला ने कहा कि राज्य सरकार के मंत्री तीक्षण सूद, उसके मित्र हैं और उनका सभी अफसरों को फोन भी आ चुका है। ऐसे में उन्हें ही दोबारा उपाध्यक्ष बनना है ,इस लिए वह सुमित्रा देवी के नाम का प्रस्तान न रखे। राज बाला के अनुसार जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो प्रदीप सिंगला ने उसे बाजू से पकड़ कर घसीटा और जाति सूचक गालियां निकालने लगा। बाद में उसने राज बाला को बैठक वाले कमरे में भी जाने से जबर रोका और हाथापाई करने पर उतारु हो गया। पुलिस के अनुसार इस मामले में राज बाला ने राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग के पास शिकायत दर्ज करवाई हुई थी जिसमें आयोग ने एसएसपी फरीदकोट से केस की पड़ताल करके कार्यवाही करने के आदेश दिए थे। एसएसपी ने डीएसपी जैतो को केस की पड़ताल करने के आदेश दिए जिसमें आरोपों की पूष्टि होने पर पुलिस ने प्रदीप सिंगला के खिलाफ एससीएसटी एक्ट की धारा 3 और आईपीसी की धारा 342,509 के तहत केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार भी कर लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने कहा कि आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।