चौकीदारों को बंदी बना छह लाख की मार्कफेड की गेहूं लूटी
पुलिस ने पच्चीस लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज
लुटेरे दो ट्रक पर 889 गेहूं के बैग लादकर ले गए
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
लुटेरों ने दो चौकीदारों को बंदी बनाकर मार्कफेड के गांव कोहर सिंह वाला (गुरुहरसहाए) स्थित गोदाम से गेहूं के लगभग 889 बैग दो ट्रकों में लादकर ले गए। लुटेरों की संख्या लगभग पच्चीस बताई जा रही है, जो हथियारों से लैस थे। गेहूं की कीमत तकरीबन छह लाख बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कमरे में बंद चौकीदारों को रिहा किया। उधर, थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने 25 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मार्कफेड विभाग के अधिकारी अमरजीत सिंह पुत्र अवतार सिंह वासी गुरुमुख कालोनी जीरा गेट फिरोजपुर शहर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि गांव कोहर सिंह वाला स्थित मार्कफेड के गोदाम में चौकीदार जोगिंदर सिंह व प्रेम कुमार तैनात थे। मंगलवार को देर रात गोदाम की दीवार लांघ कर तकरीबन पच्चीस हथियारबंद लुटेरे गोदाम में प्रवेश कर गए और दोनों चौकीदारों को बंदी बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। यही नहीं चौकीदार प्रेम कुमार का मोबाइल छीन लिया। लुटेरों ने गोदाम का मुख्य गेट का ताला तोड़ दो ट्रक अंदर लेकर आए और गोदाम में पड़े गेहूं के लगभग 889 बैग ट्रक पर लादकर ले गए। गेहूं की कीमत लगभग छह लाख थी। अमरजीत ने बताया कि पुलिस ने गोदाम पहुंचकर दोनों चौकीदारों को छुड़वाया। पुलिस ने अज्ञात पच्चीस लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच-पड़ताल एएसआई जतिंदर सिंह कर रहे हैं।