पशु को बचाने की कोेशिश में हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिल्का। जिले के गांव अभुन्न के पास सोमवार रात सड़क पर अचानक पशु आने से अनियंत्रित कार पेड़ से जा टकराई। इससे कार चालक और एक महिला की मौत हो गई। एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
गांव रेते वाली भैणी निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई कर्मजीत सिंह फाजिल्का निवासी जगजीत सिंह व उसकी पत्नी अनु के साथ मलोट से फाजिल्का आ रहे थे। सोमवार रात करीब आठ बजे जब वह गांव अभुन्न के पास सड़क पर अचानक पशु आ जाने के कारण कार अनियंत्रित होकर से जा टकराई। इससे कर्मजीत सिंह व कार सवार अनु की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस के एएसआई करतार सिंह ने बताया कि उन्होंने मृतक कर्मजीत सिंह के पिता सरवन सिंह के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी है।