फिरोजपुर। एक महिला को मायके छोड़ने के बहाने उसे बेहोश कर जलालाबाद में एक सुनसान चौबारे पर ले जाकर तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। थाना गुरुहरसहाय पुलिस ने पीड़िता के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि एक आरोपी का उनके घर आना जाना था। पीड़िता जब अपने मायके फाजिल्का जाने लगी तो आरोपी सुरेश ने कहा कि वह भी उसी तरफ जा रहा है, उसे छोड़ देगा। वह बाइक पर बैठ गई। आरोपी सुरेश ने उसे कोई नशीली वस्तु सुंघा दी और उसे जलालाबाद ले गया। वहां पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता को जब होश आया तो उसने आरोपी का विरोध किया। इसके बाद आरोपी सुरेश ने अपने साथियों को भी बुला लिया। आरोपी शोभा सिंह, चमकौर सिंह, सुखविंदर सिंह व सुरेश सिंह उसे डेरा ब्यास ले गए। उसके बाद आरोपी उसे फिर जलालाबाद ले आए। यहां आरोपी चमकौर और सुखविंदर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटी। थाना गुरुहरसहाय पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई सोना सिंह के मुताबिक पीड़िता के बयान पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।