मोगा। सिविल अस्पताल में दवा लेने आई वृद्धा को दो नशेड़ी युवकों ने बेहोश कर गहने उतार लिए और फरार हो गए। घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जब पीड़ित महिला के भतीजे ने थाना सिटी साउथ में फोन कर शिकायत करनी चाही तो मुंशी ने थाने आकर शिकायत करने की बात कही। वहीं अस्पताल प्रशासन ने यह कहकर पल्ला झाड़ गिया कि महिला को कोई चोट आई होती तो वह पुलिस को सूचित करते।
गुरप्रीत सिंह वासी गांव संधुआ वाला ने बताया कि वह अपनी ताई सुरजीत कौर (65) के साथ शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सिविल अस्पताल मोगा आए थे। वह ताई को अस्पताल छोड़कर खुद बाजार किसी काम से चले गए। पर्ची कटवाकर ओपीडी ब्लाक की ओर जाते समय दो युवकों ने नशा सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उनके बालियां, अंगूठी, कंगन और पर्स से 700 रुपये निकाल लिए। जब गुरप्रीत अस्पताल वापस पहुंचे तो घटना का पता चला। थाना सिटी साउथ के एएसआई का कहना है कि शिकायत आ गई है। वह मौके पर जाकर सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर चुके हैं लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।