फिरोजपुर। स्कूल में पढ़ने गई एक आठ वर्षीय बच्ची को मां अगवा कर ले गई। तफ्तीश करने पर पता चला कि पति-पत्नी का तलाक हो चुका है, पत्नी अपनी बेटी को स्कूल से उठाकर मुकेरिया जिला होशियारपुल ले गई। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने बच्ची के दादा सुरजीत सिंह के बयान पर मां के खिलाफ अगवा करने के आरोप में परचा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सुरजीत सिंह वासी चक निधाना गुरुहरसहाए ने बताया उसके बेटे हरजोत सिंह की शादी बलजीत कौर वासी मुकेरिया जिला होशियारपुर के साथ 11 साल पहले हुई थी। बलजीत कौर से एक बेटी हुई। कुछ समय बाद हरजोत और बलजीत कौर के बीच झगड़े होने लगे, जिस कारण दोनों का आपस में तलाक हो गया। तलाक के बाद बेटी सहजबीर कौर (8) अपने पिता हरजोत सिंह के साथ गुरुहरसहाए के गांव चक निधाना में रहती थी।
सुरजीत सिंह ने बताया कि 29 मई की सुबह जब सहजबीर कौर स्कूल गई, स्कूल छुट्टी के बाद सहजबीर कौर घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू कर दी। सुरजीत ने कहा कि काफी तलाश करने के बाद पता चला कि स्कूल से ही बलजीत कौर सहजबीर कौर को उठाकर अपने साथ मुकेरिया जिला होशियार पुर ले गई। थाना गुरुहरसहाए पुलिस के एएसआई महिंदर सिंह के मुताबिक सुरजीत सिंह के बयान पर बलजीत कौर के खिलाफ बच्ची को अगवा करने का मामला दर्ज किया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।