बेटे के कर्ज से तंग मां ने खुदकुशी की
आत्महत्या के लिए उकसाने में फाइनेंसर नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना सिटी पुलिस ने एक फाइनेंसर के खिलाफ आत्महत्या के लिए बाध्य करने के आरोप में केस दर्ज किया है। फाइनेसर पर आरोप है कि उसने अपने मुलाजिम को उधार दिए पैसे वसूलने के लिए उसे औप उसके परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया। इस पर उसके मुलाजिम की मां ने जहर खाकर जान दे दी।
एएसआई परमजीत सिंह के मुताबिक शिकायतकर्ता अनुज वासी सिविल लाइन ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि वह फाइनेंसर सुरिंदर सिंह वासी मनचंदा कालोनी के पास नौकरी कर रहा है। कुछ समय पहले उसने आरोपी सुरिंदर सिंह से तीन लाख रुपये उधार लिए थे। वह अपने वेतन से थोड़े थोड़े रुपये कटवाता भी था। अब आरोपी ने पूरे पैसे की वसूली के लिए उसे परेशान करना शुरू कर दिया, और उसके साथ मारपीट कर उसकी स्कूटर तक भी छीन ली।
बीती 20 फरवरी कोआरोपी उनके घर आया और पैसे की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा। जब शिकायतकर्ता की माता सत्तो ने उसे रोका तो आरोपी ने उसके साथ भी बदसलूकी की। इससे आहत होकर शिकायतकर्ता की मां सत्तो ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां से उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया गया। फरीदकोट में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुरिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।