हुड़दंगियों ने तीन दुकानों में तोड़फोड़ कर किया पथराव
सिर पर ईंट मारकर आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान को किया घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। सब्जी मंडी के नजदीक शनिवार की रात हुड़दंगियों ने जमकर बवाल किया। हुड़दंगियों ने तीन दुकानों में तोड़फोड़ कर पथराव किया। दुकानदारों की बात सुनने पहुंचे आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान अनिल नागौरी को सिर पर ईंट मारकर घायल कर लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले हुड़दंगी फरार हो गए। दुकानदारों ने हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार रात करीब नौ बजे पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित एसके इंटरप्राइजेज के सामने कुछ असामाजिक तत्वों ने एक युवक पर हमला कर दिया। दुकान संचालक ने युवक को छुड़ाना चाहा तो उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए उससे मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार चोपड़ा चक्कीवालों ने उसका बीचबचाव करना चाहा तो उन्होंने उनकी चक्की व दुकान में तोड़फोड़ करते हुए उनसे भी मारपीट की। मामला बढ़ते देख जब मार्केट के सारे दुकानदारों ने उन्हें पकड़ना चाहा तो हुड़दंगियों ने बाला जी पिसाई केन्द्र पर भी तोड़फोड़ करते हुए पथराव शुरू कर दिया। इस पर दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान अनिल नागौरी और कांग्रेसी नेता राकेश कलानी ने दुकानदारों की बात सुनने लगे। इस पर हमलावरों ने अनिल नागौरी पर ईंट हमला कर उनका सिर फोड़ दिया और राकेश कलानी से भी धक्कामुक्की की। बार-बार फोन करने पर काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर फरार हो गए। बाद में अनिल नागौरी को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत गंभीर होने उन्हें श्रीगंगानगर ले जाया गया। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। रविवार सुबह डीएसपी राहुल भारद्वाज ने घटनास्थल का दौरा किया और हुड़दंगियों को शीघ्र काबू करने के निर्देश दिए। पता चला है कि पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। थाना नंबर एक एसएचओ परमजीत कुमार का मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।