एसआई की नौकरी का झांसा दे चार लाख ठगे
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज
फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने पंजाब पुलिस में सबइंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से चार लाख दस हजार रुपये की ठगी करने के आरोप तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सुरजीत सिंह निवासी मान सिंह वाला जिला मुक्तसर ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी सोहन सिंह, जगतार सिंह वासी गांव सरूपे वाला और ललित वासी दिल्ली से हुई थी। आरोपियों ने उसके पोते को पंजाब पुलिस में सबइंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने की बात कही और इसके लिए आरोपियों ने उससे दस लाख साठ हजार रुपये मांगे। बकौल सुरजीत उसने आरोपियों को उक्त धनराशि दे दी। काफी समय बीतने के बाद भी उसके पोते को पंजाब पुलिस में सबइंस्पेक्टर की नौकरी नहीं दिलवाई।
पोते को नौकरी नहीं मिलने पर उने आरोपियों से अपनी धनराशि वापस मांगी। आरोपियों ने सुरजीत को साढ़े छह लाख रुपये वापस कर दिए और बाकी राशि चार लाख दस हजार बाद में देना तय हुआ। काफी समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने उक्त धनराशि वापस नहीं लौटाई तो पुलिस को शिकायत दी। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने रविवार को उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त मामले की जांच कर रहे एएसआई सोना सिंह ने बताया आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।