थाना तलवंडी भाई से भागा पर्स चोर
पुलिस ने पर्स चोर और दो होमगार्ड के खिलाफ किया मामला दर्ज
रात भर तलाशी अभियान के बाद किया गया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना तलवंडी भाई में सांप घुसने पर जैसे ही हवालाती को बाहर निकालने लगे वह पुलिस मुलाजिम को धक्का मारकर फरार हो गया। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस मुलाजिमों ने आरोपी को धर दबोचा। उधर, थाना तलवंडी भाई ने वीरवार को हवालाती और दो होमगार्ड के जवानों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक थाना तलवंडी भाई ने आरोपी अमना वासी चोटियां कलां जिला मोगा को बस से उतर रही महिला मनजिंदर कौर वासी तलवंडी भाई वार्ड नंबर-13 का पर्स छीनने के आरोप में छह अगस्त की रात दस बजे गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर थाना तलवंडी भाई में बंद किया गया था। हवालात में सांप घुसने पर आरोपी अमना को बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान वह होमगार्ड के जवान बूटा सिंह (22736) व बूटा सिंह (5499) को धक्का मार कर वहां से भाग गया। रातभर पुलिस मुलाजिम उसकी तलाश करते रहे। बड़ी मशक्कत के बाद आरोपी अमना को पकड़कर पुलिस थाना तलवंडी भाई लेकर पहुंची। मामले की जांच-पड़ताल एसआई लखवीर सिंह कर रहे हैं। थाना तलवंडी भाई पुलिस ने वीरवार को आरोपी अमना के अलावा होमगार्ड के जवान बूटा सिंह (22736) व बूटा सिंह (5499) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।