चोरों ने नकदी चुराने के लिए एटीएम तोड़ा
मशीन से नहीं ले जाए पाए रुपये, अज्ञात पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। गांव खुईयां सरवर में बने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के एटीएम को चोरों ने तोड़ने की कोशिश की लेकिन वह नकदी नहीं ले जा पाए। वीरवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार खुईयां सरवर स्थित बैंक शाखा के साथ लगे एटीएम पर एक माह से रात ड्यूटी पर सिक्योरिटी गार्ड न होने के कारण बैंक के सामने स्थित एक फिलिंग स्टेशन के कर्मचारी ही एटीएम को रात 10 बजे ताला लगाते थे। सुबह 5 बजे ताला खोल देते थे। वीरवार सुबह 5 बजे पंप कर्मचारी एटीएम को लगा ताला खोलने के लिए गए तो उन्होंने देखा कि एटीएम के ताले टूटे हुए थे। अंदर मशीन भी टूटी हुई थी। उन्होंने इसकी सूचना एटीएम पर सुबह ड्यूटी करने वाले सिक्योरिटी गार्ड सुखदेव सिह को दी। उसने इस बारे में बैंक मैनेजर रजनीकांत बजाज को सूचित किया। बैंक मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। इसपर डीएसपी गुरविंदर सिंह व थाना खुईयां के प्रभारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू कर दी। जांच में उन्होंने पाया कि चोरों ने चोरी से पूर्व दीवार पर लगे कैमरों को पहले ही क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में एटीएम को तोड़कर नकदी निकालने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
----------------------
फोटो संख्या-28एफजेडआरपी02
कैप्शन--अबोहर में चोरों ने नगदी चुराने के लिए बैंक की एटीएम मशीन तोड़ी।