परिवार के सामूहिक खुदकुशी मामले में शिअद नेता भगौड़ा करार
जिला योजना कमेटी के पूर्व चेयरमैन हैं हरजीत भोलूवाला
पिछले साल 20 सिंतबर को दो बेटियाें संग नहर में कूद गया था दंपति
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
पिछले साल 20 सितंबर को पड़ोसी से झगड़े के मामले में शिकायत के बावजूद शिअद नेताओं के दबाव आकर पुलिस की ओर से कार्यवाही न करने से निराश होकर एक दंपति ने पूरे परिवार के साथ खुदकुशी कर ली थी। इसी मामले में फरार चल रहे शिअद नेता और जिला योजना कमेटी के पूर्व चेयरमैन हरजीत भोलूवाला को अतिरिक्त जिला व सेशन जज हीरा सिंह की अदालत ने मंगलवार को भगोड़ा करार दिया है।
वाकया यहां के सादिक रोड़ पर स्थित सोसायटी नगर से जुड़ा है। स्थानीय निवासी 50 वर्षीय जगतार सिंह ने अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में शिअद नेता और जिला योजना कमेटी के पूर्व चेयरमैन हैं हरजीत भोलूवाला को नामजद किया गया था। भोलूवाला की पत्नी गुरिन्द्र कौर, यहां से एसजीपीसी की सदस्या है और उनके परिवार को बादल परिवार का काफी करीबी माना जाता है।