मेयर के सामने भाजपा पार्षद और कांग्रेस वार्ड प्रधान भिड़े
कांग्रेसियों ने चौक में दिया धरना, कांग्रेसी जतिन वालिया और भाजपा पार्षद बलविंद्र बिल्ला ने थाने में दी शिकायत
कांग्रेसियों ने मेयर पर भी धक्का-मुक्की करने के लगाए आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। शहर के वार्ड नंबर-2 गोसांईपुर-माधोपुर सड़क का जायजा लेने पहुंचे नगर निगम मेयर अनिल वासुदेवा के सामने भाजपा पार्षद बलविंद्र कुमार बिल्ला व कांग्रेसी वार्ड प्रधान जतिन वालिया में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में भाजपा पार्षद बलविंद्र कुमार व कांग्रेसी जतिन वालिया दोनों घायल हुए हैं। दोनों घायलों ने सिविल अस्पताल से मेडिकल करवा एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाकर इसकी शिकायत थाना डिवीजन नंबर 1 में की है। वहीं जतिन वालिया के पक्ष में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस सचिव विभूति शर्मा, कांग्रेसी नेता राकेश बबली, अजय कुमार, रोहित कोहली ने खानपुर चौक में समर्थकों सहित धरना दिया और भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाकर नारेबाजी भी की। कांग्रेसी जतिन वालिया ने बताया कि वह खानपुर एरिया की बेहतरी के लिए बनाई स्वच्छ खानपुर स्वस्थ खानपुर यूथ क्लब प्रधान भी हैं। कई वर्षों बाद खानपुर सड़क पर निर्माण कार्य शुरू हुआ था। वह सड़क के निर्माण कार्य और क्वालिटी को लेकर गंभीर हैं, इसलिए रोजाना वहां जाकर जायजा लिया जाता है। शुक्रवार दोपहर वह वहां पहुंचे तो थोड़ी देर में मेयर अनिल वासुदेवा भी वहां पहुंचे, वार्ड पार्षद बलविंद्र कुमार वहां आ गया और उसने उसे बुरा भला कहना शुरू कर दिया। जतिन का कहना है कि विरोध करने पर बलविंद्र व उसके साथ आए युवक ने उस पर ग्रिप और ईंटों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस दौरान मेयर अनिल वासुदेवा ने भी उनके साथ धक्का मुक्की की। वहीं भाजपा पार्षद बलविंद्र कुमार ने बताया कि उनके द्वारा वार्ड में गलियों व सड़क के पास करवाए गए काम चल रहे हैं। शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे मेयर अनिल वासुदेवा वार्ड में चल रहे कार्यो का जायजा लेने पहुंचे तो वह उनके साथ खड़े थे। इतने में जतिन वालिया भी आया और अभद्र भाषा का प्रयोग कर उनके खिलाफ बातें करने लगा। उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो उसने धक्के मारने शुरू कर दिए और हमला कर दिया। मेयर वासुदेवा ने झगड़े को छुड़वाया। मारपीट में उसकी बाजू पर चोटें आने पर सिविल अस्पताल से मेडिकल करवा इसकी शिकायत थाना डिवीजन नंबर 1 में की है। उधर थाना डिवीजन नंबर 1 प्रभारी बलदेव राज शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत थाने में आई है। दोनों पक्षो की शिकायतें सुनने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-मेयर अनिल वासुदेवा ने कहा कि वह सड़क का दौरा करने गए थे कि तभी वहां पर पहुंचे जतिन वालिया और एमसी बिल्ला किसी बात को लेकर आपस में उलझ पडे़। उन्होंने दोनों के झगडे़ को छुड़ाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन जतिन वालिया ने गाली-गलौज और झगड़े की पहल की। झगड़ा छुड़वाने के दौरान दोनों में से किसी का खून भी उनकी शर्ट पर लग गया। मेयर अनिल वासुदेवा ने शर्ट पर लगा खून दिखाया और जतिन वालिया द्वारा उसके साथ धक्का मुक्की करने के आरोप को नकारा और कहा कि इस संबंध में एमसी बिल्ला की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है।
फोटो:-1पी-खानपुर चौक में धरना देते कांग्रेसी।
फोटो:-1पी1-घायल जतिन वालिया।