अधजले शव का मामला सुलझा, तीन काबू
मृतक की पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी संग मिलकर रची थी साजिश
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
25 जून को खेत में मिले अधजले शव के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और साथी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी कपूरथला संदीप कुमार शर्मा ने पुलिस लाइन में बताया कि 25 जून को किसान शिंदर सिंह निवासी गांव कोलियांवाल जब सुबह गांव साबूवाल के मक्की के खेत से गया तो वहां पर उसने एक अधजला शव देखा। उसने इसकी थाना फत्तूढींगा की पुलिस को दी। पुलिस ने किसान के बयानों के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिय्रा।
जांच के दौरान पुलिस को खेत में खून के कतरे गिरे मिले। पुलिस उनका पीछा करते हुए गांव दूलोवाल के जसपाल सिंह उर्फ डॉक्टर के घर तक पहुंच गई। वहां से पुलिस ने खून से सना गद्दा, तेसी (तेजधार हथियार) और खून से सने कपड़े बरामद किए। जांच में मृतक की पहचान ट्रक ड्राइवर नरिंदर सिंह निवासी ख्वासपुर थाना गोइंदवाल साहिब जिला तरनतारन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार जसपाल सिंह के मृतक की पत्नी रजवंत कौर के साथ संबंध थे। दोनों फतेहाबाद के एक मंदिर में मिले थे। रजवंत कौर का पति नरिंदर सिंह करीब डेढ़ साल पहले नागालैंड से लौटा था। नरिंदर अपने हिस्से की करीब सात-आठ कनाल जमीन बेचकर नागालैंड सेटल होकर ट्रक ड्राइवरी करना चाहता था। इसका पता जब रजवंत कौर को लगा तो उसे लगा कि ऐसा होने पर वह जसपाल से मिल नहीं पाएगी। उसने जसपाल को सारी बात बताई। दोनों ने मिलकर नरिंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसमें जसपाल ने अपने दोस्त सुच्चा सिंह को भी मिला लिया। जसपाल और सुच्चा ने योजना बनाई कि वह नरिंदर को मारकर बेईं में फेंक देंगे।
एसएसपी ने बताया कि योजना के तहत ट्रक दिखाने के बहाने सुच्चा नरिंदर सिंह को गांव ख्वासपुर से जसपाल के डेरे ले आया। वहां पर जसपाल अकेला था और छुट्टियों में उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके गई हुई थी। तीनों ने मिलकर पहले शराब पी। उसके बाद सुच्चा अपने घर यह कहते हुए चला कि वह बताकर आता है कि उसे देर हो जाएगी, लेकिन उसकी पत्नी ने उसे आने नहीं दिया। जसपाल ने प्लान फेल होता देख तेसी से नरिंदर सिंह के सिर पर वार करके उसका कत्ल कर दिया। फिर बोरे में डालकर नरिंदर सिंह के शव को खुद ही बाइक पर लादकर बेईं में फेंकने निकल गया, लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं जा सका। इस पर उसने शिंदर सिंह के खेत में शव फेंककर आग लगा दी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा। इस दौरान डीएसपी सुल्तानपुर लोधी वरियाम सिंह, डीएसपी मुख्यालय अमरीक सिंह चाहल, थाना फत्तूढींगा के एसएचओ नरिंदर सिंह औजला मौजूद थे।