प्रदेश कांग्रेस के उपप्रधान एवं मुख्य प्रवक्ता सुनील जाखड़ का कहना है कि पंजाब में फैले जंगलराज को खत्म करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमर कसनी होगी। राज्य की जनता अकाली-भाजपा शासनकाल से तंग आ चुकी है। अब वह इस भ्रष्ट सरकार से छुटकारा चाहती है। ये बातें सुनील जाखड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक के दौरान कहीं।
जाखड़ ने कहा कि अकाली-भाजपा शासनकाल के नौ साल में जिस तरह अपराध बढ़ा है उससे हर नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में होते हुए तथा स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा अड़ंगा लगाए जाने के बावजूद उन्होंने अबोहर के विकास के लिए कई प्रोजेक्टों को मंजूर करवाने के साथ ही शहर के विकास के लिए करोड़ों रुपये के फंड जारी करवाए। जाखड़ ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा मंजूर करवाए करोड़ों रुपये भाजपा नेताओं द्वारा कमीशन लेने के चक्कर में खर्च ही नहंीं हो सके।
जाखड़ ने कहा कि उन्होंने 4 जून, 2012 को अबोहर के गंदे पानी की निकासी व सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए सरकार से 42 करोड़ जारी करवाए। 12 जून को स्वच्छ पीने का पानी के लिए 12.70 करोड़ जारी करवाए। मुख्यमंत्री को 15 सितंबर, 2014 को अबोहर के राजीव नगर में बुलाकर न केवल राजीव नगर के विकास के लिए 20 लाख जारी करवाए बल्कि दुर्गा नगरी की गली-नालियों के लिए 20 लाख रुपये, इंदिरा नगरी मेन श्मशान घाट रोड के लिए 50 लाख, सुभाष नगर शमशान घाट रोड के लिए 25 लाख, नेहरू पार्क के विकास के लिए 10 लाख रुपये जारी करवाए।