शहर की दो विभिन्न जगहों पर रविवार देर रात को आग लगने से भगदड़ मच गई, मगर समय रहते काबू पाया गया। इससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
बस्तीयात क्षेत्र में पड़ती गीता कॉलोनी स्थित एक घर पर आधी रात को भीषण आग लग गई। मालिक मनोज ने बताया कि रविवार रात को वह और उनका परिवार घर की पहली मंजिल पर सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे उन्होंने घर के निचले हिस्से से धुआं निकलते देखा। जब नीचे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर में भयंकर आग लगी हुई है। उन्होंने तुरंत गैस सिलेंडर घर के बाहर निकाले, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि शार्ट सर्किट से घर में आग लगी थी। इससे टीवी, फ्रिज, फर्निचर और घर में पड़े पैसे जलकर राख हो गए। इसके अलावा दीप नगर की एक करियाने की दुकान में रविवार देर रात को आग लग गई। दुकान मालिक ने कहा कि मौके पर आई फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।