राज्य में गेहूं भंडार में गड़बड़ी संबंधी कांग्रेस द्वारा लगाए गए 12 हजार करोड़ रुपये के घोटालों के आरोपों को सिरे से नकारते हुए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेसी विधायक सुनील जाखड़ को पूरे सबूतों सहित सामने आने की चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में गेहूं का भंडार पूरी तरह से पूरा है और अगर फिर भी जाखड़ के पास कोई सबूत हैं तो वे अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं। बादल संगत दर्शन कार्यक्रम के दूसरे दिन गांव चूहड़ी वाला धन्ना में सैकड़ों ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
बादल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अब कांग्रेस आधारहीन मुद्दे ढूंढ रही है और गलत बयानबाजी कर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी ही समाज विरोधी नीतियों के कारण ही देश के लोगों ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है और हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों से यह बात स्पष्ट हो गई है।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपनी हार दिखाई देने लगी है। इस वजह से ही वे गेहूं घोटाले जैसे आरोप सरकार पर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता आधारहीन मुद्दों को उछालकर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने एसवाईएल नहर के निर्माण में अहम भूमिका अदा करते हुए पंजाब के भविष्य को बंजर बनाने की नीति के तहत राज्य का पानी अन्य राज्यों को दिया था। संगत दर्शन में बादल ने पंचायतों की समस्याएं सुनीं तथा विकास कार्यों के लिए ग्रांट देने का एलान किया।
इस मौके पर सांसद शेर सिंह घुबाया, स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत ज्याणी, विधायक गुरतेज सिंह घुड़ियाना, जिला उपायुक्त ईशा कालिया, मुख्यमंत्री के विषेश संयुक्त सचिव कुमार अमित, एसएसपी दिनेश भार्गव सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।