अभिनेत्री ऐश्वर्या राय की मूवी सरबजीत के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। जिसे वीरवार को खारिज कर दिया गया। फिल्म शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है।
एनआरआई मंजीत सिंह रत्तू ने फिल्म सरबजीत के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि फिल्म में उनकी छवि को नकारात्मक रूप में दर्शाया गया है। रत्तू ने याचिका में कहा है कि फिल्म में दिखाई गई कहानी सच नहीं है, इसलिए इस पर रोक लगाई जाए।
उल्लेखनीय है कि सरबजीत के परिजनों का आरोप है कि सरबजीत को पाकिस्तान में रत्तू के गुनाहों की सजा भुगतनी पड़ी थी। पाकिस्तान में हुए विस्फोट जिसके लिए सरबजीत को दोषी ठहराया गया था, उसका दोषी रत्तू था।
परिजनों का यह भी कहना है कि पाकिस्तान ने सरबजीत को रत्तू समझकर ही फांसी की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने रत्तू की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि रत्तू इस मामले में पब्लिसिटी बटोरना चाहते हैं, जबकि फिल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई है। इस तरह याचिका प्री मेच्योर भी है।