संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। मोगा के थाना सिटी पुलिस ने गैर कानूनी ढंग से चोरी की रेत ट्रैक्टर ट्राली में भरकर आगे बेचने वालों पर कार्रवाई करके 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने मौके से 2 ट्रैक्टर ट्राली रेत से भरे और एक हौंडा अमेज गाड़ी, जो इन ट्रैक्टर ट्राली को एस्कॉर्ट करते थे, को कब्जे में लिया।
मोगा पुलिस को एक सूचना मिली कि कुछ लोग गैर कानूनी ढंग से चोरी की रेत आगे बेचने का काम करते हैं। अभी भी वे ट्रैक्टर ट्राली में रेत भरकर जीरा रोड की तरफ जा रहे हैं और उनके आगे एक हौंडा अमेज गाड़ी है जो उनको आगे पुलिस नाका तो नहीं इस बारे में बताती है यानी रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली को एस्कॉर्ट करके ले जाती है। इस पर तुरंत मोगा के थाना सिटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके पीछे गाड़ियां लगाईं लेकिन उनको पता चलते ही कि पुलिस की गाड़ियां पीछे लगी हैं तो उन्होंने अपनी गाड़ियां दौड़ा ली, वहीं पुलिस ने भी काफी दूर तक उनका पीछा किया, एक ट्रैक्टर ट्राली इस दौरान पलट भी गई और हौंडा अमेज गाड़ी को भी जब पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने भी खेतों में दौड़ा ली और वहां गाड़ी छोड़कर भाग गए।
वहीं, पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर ट्राली और हौंडा अमेज कब्जे में ले ली और इस मामले में कोटसेखां के रहने वाले पिता-पुत्र सहित 5 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में थाना सिटी के एसएचओ जसविंदर सिंह ने बताया कि उनके थाने में सूचना मिली थी कि जीरा रोड की तरफ से दो ट्रैक्टर ट्राले रेत से भरे आ रहे हैं जिनकी रेकी एक हौंडा अमेज कर रही है, जिसका उनकी पुलिस ने पीछा किया और जब नजदीक पहुंचे तो उन्होंने गाड़ी दौड़ा ली काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रैक्टर-ट्राले और हौंडा अमेज कब्जे में ले ली लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। पांच लोगों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।