पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल जांच के लिए लैब में भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ममदोट/फिरोजपुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान की ड्यूटी के दौरान संदिग्धावस्था में गोली चलने से मौत हो गई। गोली उसके सीने में लगी है। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जवान का मोबाइल जांच के लिए लैब में भेजा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक बीएसएफ जवान मांगी लाल वासी झुंझनू (राजस्थान) जैसीपी बैरियर हुसैनीवाला में तैनात था। जवान सुबह चार बजे उठकर तैयार हो गया। नाश्ता करने के बाद ड्यूटी पर चला गया। नाके पर बने रूम में खुद की राइफल से गोली चली, जो उसके सीने में लगी। तभी उक्त जवान की मौत हो गई। जवान ने खुद को गोली मारी या राइफल से अचानक गोली चल गई, इसकी जांच की जा रही है। गोली की आवाज सुनते ही वहां जवानों में भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक जवान के मोबाइल की जांच करने को लैब में भेजा है।