जालंधर। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल व पंजाब के भगवंत मान बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी देंगे। इसको एक मेगा इवेंट बनाने के लिए आप व पंजाब सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ के तमाम आला अधिकारियों ने जालंधर में डेरा डाल लिया है और इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुलिस की तरफ से हाई अलर्ट कर चौकसी बढ़ा दी गई है।
2018 में दिल्ली में पंजाब परिवहन विभाग के अधिकारियों पर मामला दर्ज कर लिया गया था और दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाली तमाम बसों को बंद कर दिया गया था। इसके बाद से पंजाब सरकार ने दिल्ली एयरपोर्ट तक की सीधी बस सेवा बंद कर दी थी हालांकि पंजाब सरकार की वॉल्वो बस की टिकट 1050 रुपये थी जबकि सुखबीर बादल की परिवार द्वारा संचालित इंडो कैनेडियन बस की टिकट 3500 रुपये में बिक रही थी। विदेशों में आने जाने वाले यात्री 3500 रुपये की टिकट खरीदने के लिए मजबूर थे।
पूर्व ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर राजा वडिंग ने मामला जोर शोर से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के समक्ष उठाया था और कहा था कि दिल्ली सरकार पंजाब की सरकारी बसों को दिल्ली एयरपोर्ट जाने की परमिशन नहीं दे रही है, जिसका फायदा बादल परिवार की इंडो कैनेडियन को हो रहा है।
पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद एमडी पनबस व ट्रांसपोर्ट विभाग के प्रधान सचिव द्वारा लगातार दिल्ली के परिवहन विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधा गया और अब दिल्ली एयरपोर्ट जाने की परमिशन मिल गई है।