संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। आप में शामिल होते ही डॉ. राजकुमार हलका चब्बेवाल पहुंचे और वहां के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हलके की जनता मुझे प्यार और सहयोग देने के लिए एक बार फिर से पार्टीबाजी से ऊपर उठकर, एकजुट होकर समारोह में मेरा साथ देने के लिए आई है, इसका मैं सभी का सदैव आभारी रहूंगा।
उन्होंने कहा कि उन्होंने तन-मन और धन से हलके के विकास किया और सदैव समर्पित भाव से काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यों को उनके हलके की जनता समर्थित करती है क्योंकि वह कोई नेता नहीं बल्कि जनता के सेवक के रूप में जनता में जाते हैं। डाॅ. राज ने कहा कि मेरा मिशन है कि काम किए जाएं तथा बेहतर काम किए जाएं। पार्टीबाजी से ऊपर उठकर बुजुर्ग उन्हें प्यार देने आए हैं तथा जो पिछली बार की कसर हैं उन्हें इस बार के लोकसभा चुनाव में पूरी होगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें हजार की लीड चाहिए तथा इस बार वह इससे भी अधिक मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने समारोह में उमड़े हलका निवासियों के प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का जो विश्वास उनपर बना हुआ है वह उसे पूरी मेहनत से इसी प्रकार निभाएंगे। उन्होंने ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि भाजपा के पास अपने विरोधियों के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं रहा है तथा इसलिए वह जनता के सेवकों को जेलों में बंद करने का कोई न कोई झूठा रास्ता अपना रहे हैं और विपक्षी पार्टियों के बैंक अकाउंट फ्रीज करवाकर उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोकने जैसी औछी राजनीति कर रही है।
आप में शामिल होते ही हलके के लोगों की भलाई के लिए कार्य करते हुए डॉ. राजकुमार ने कच्ची छतों वाले लाभपात्रियों के फंड पुनः जारी करवाए तथा 749 काटे हुए नीले कार्ड बहाल करवाए तथा लगभग 135 करोड़ रुपये हलके की प्रमुख सड़कों एवं दो पुलों के लिए मंजूर करवाए, जो उनकी जनता एवं हलके की सेवा के प्रति संकल्प की दृढ़ता को दर्शाता है। इस अवसर पर गांवों के सरपंच, जिला परिषद सदस्य, ब्लाक प्रधान तथा बड़ी संख्या में हलका निवासी मौजूद थे।