दिल्ली से दो किलो हेरोइन पहुंचाने आई अफ्रीकी महिला गिरफ्तार
हेरोइन की खेप लेने के लिए खड़ा कार सवार युवक पुलिस को देखते ही हुआ फरार
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। दिल्ली से सुल्तानपुर लोधी के कुख्यात गांव लाटियांवाल में दो किलो हेरोइन की खेप पहुंचाने आई अफ्रीकी महिला को जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह खेप हासिल करने के लिए कार सवार युवक पहले से ही करतारपुर रोड स्थित गांव डैणविंड के समीप इंतजार कर रहा था लेकिन पुलिस को देखते ही फरार हो गया। पुलिस ने महिला के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज कर लिया है।
सीआईए स्टाफ कपूरथला में एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लों, डीएसपी जांच विशालजीत सिंह की ओर से सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर बलविंदरपाल, सीआईए फगवाड़ा इंस्पेक्टर हरमीक सिंह और एएसआई परमजीत सिंह के साथ करतारपुर रोड स्थित बस स्टॉप डैणविंड से थोड़ा आगे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने कुछ ही दूरी पर एक सियाज कार खड़ी देखी, जिसके अंदर निंदर सिंह निवासी गांव लाटियांवाल बैठा हुआ था। सीआईए स्टाफ की पुलिस ने उसे पहचान लिया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस गई तो वह कार लेकर फरार हो गया। इस बीच एक अफ्रीकी महिला करतारपुर की साइड से आटो में पहुंची। उसके पास एक बड़ा बैग था। जब शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई तो बैग में से दो किलो हेरोइन बरामद हुई। यही हेरोइन लेने के लिए निंदर सिंह कार में इंतजार कर रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला की पहचान रेहमा निवासी राजपुरा छतरपुर दिल्ली मूल निवासी तनजानिया पूर्वी अफ्रीका के तौर पर हुई। एसएसपी ने बताया कि आरोपी महिला दिल्ली में बिजनेस वीजा पर अपने रिश्तेदारों के पास आई हुई थी। वह दिल्ली में लंबे अर्से से रह रही है। प्राथमिक पूछताछ में उसने बताया कि वह इससे पहले पांच बार हेरोइन की खेप पंजाब के विभिन्न शहरों में सप्लाई कर चुकी है। छठी बार कपूरथला में हेरोइन की खेप पहुंचाने आई थी। एसएसपी के अनुसार फरार निंदर सिंह उर्फ निंदू का परिवार बड़े स्तर पर नशे का धंधा करता है। उसका पिता और भाई दोनों सजा काट रहे हैं।
व्हाट्सऐप चैट के जरिये होती है डील
जिला पुलिस बेशक अब बड़े तस्करों को पकड़ने के लिए कमर कस चुकी है, लेकिन व्हाट्सऐप कॉलिंग और चैट हेरोइन की तस्करी को आसान बना रही है। ऐसा ही इस केस में हुआ है। यह तो पहले से ही खड़े तस्कर को पुलिस की ओर से पहचान लेने पर अफ्रीकी महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई, लेकिन जिस ढंग से दो अलग-अलग भाषी लोगों के बीच डील हो रही है, वह कई सवाल खड़े कर रही है। एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लो ने इसे जांच का विषय बताते हुए कहा कि रिमांड हासिल करने और पूछताछ के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इससे पहले कुछ भी बताना जल्दबाजी होगा।
अफ्रीकी रेहमा की तलाश में थी कई जिलों की पुलिस
कपूरथला। सूबे में नशे की कमर तोड़ने को लेकर पंजाब पुलिस में ‘नंबर गेम’ दिख रहा है। अफ्रीकी महिला रेहमा को हेरोइन की खेप के साथ दबोचने के लिए कई जिलों की पुलिस जुटी हुई थी। इसके लिए पुलिस ने अपना रंग-रूप भी बदला था। दो जिलों जालंधर देहाती और जिला कपूरथला की पुलिस में तो रेहमा को पकड़ने को भागमभाग हुई लेकिन जिला कपूरथला की पुलिस बाजी में मारने में सफल रही।
दिल्ली से रेहमा के हेरोइन की खेप के साथ पंजाब रवाना होने के इनपुट के साथ ही कई जिलों की पुलिस एक्टिव हो गई थी। रेहमा किस बस में आ रही है, उसकी लोकेशन की जानकारी न होने के कारण कई जिलों की पुलिस सादी वर्दी में हाईवे को नापती रही। रेहमा को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जालंधर देहाती पुलिस सादी वर्दी में उसका पीछा कर रही थी। करतारपुर उतरने के बाद रेहमा कपूरथला रोड की तरफ बढ़ी। सूचना मिलते ही कपूरथला पुलिस भी एक्टिव हो गई। रेहमा की पहचान होते ही जिला कपूरथला की पुलिस ने उसे दबोच लिया, क्योंकि उस समय रेहमा जालंधर पुलिस की सीमा से बाहर निकलकर कपूरथला की सीमा में घुस चुकी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस महिला को काबू करने के लिए कई जिलों की पुलिस कई दिनों से होमवर्क कर रही थी। जिसके लिए जालंधर पुलिस ने कुछ ज्यादा ही होमवर्क किया था, लेकिन ऐन मौके पर कपूरथला पुलिस बाजी मार गई।