कपूरथला। सूबे के भू-सुरक्षा, जल संभाल, तकनीकी शिक्षा और बागबानी मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि विधानसभा की तरफ से राज्य में भूजल स्तर में तेजी से आ रही गिरावट को रोकने के लिए विधायकों की 6 सदस्यीय कमेटी की तरफ से सौंपी रिपोर्ट के अनुसार तुरंत कार्रवाई शुरू की जाएगी। विधानसभा की तरफ से 24 मार्च 2021 को विधायक राणा गुरजीत सिंह के नेतृत्व में 6 विधायकों की समिति गठित की गई थी, जिसकी तरफ से स्पीकर को रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है।
रविवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में बतौर कैबिनेट मंत्री का पदभार संभालने के बाद पहली बार पूर्व विधायक राजबंस कौर राणा के साथ पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में 6 सदस्यीय कमेटी की तरफ से विधानसभा के स्पीकर को सौंपी रिपोर्ट के अनुसार सूबे में भूजल स्तर बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। इनमें इजराइल आधारित कंपनी और जल स्रोत विभाग के माहिरों की तरफ से दिए गए सुझावों को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि बतौर कैबिनेट मंत्री उनकी प्राथमिकता गिर रहे भूजल स्तर को बचाने के लिए प्रयासों को और बढ़ाना है, क्योंकि हर साल पानी का स्तर 70 सेंटीमीटर से भी अधिक नीचे जा रहा है। पीने वाले पानी, खेती और उद्योगों के लिए पानी की मांग और सप्लाई के बारे आडिट करने की तजवीज भी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, जिनके पास पहले तकनीकी शिक्षा विभाग था, की तरफ से शुरू किए प्रोजेक्टों को पूर्ण करने की तरफ विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिसमें मुख्य तौर पर डॉ. बीआर आंबेडकर म्यूजियम, इंडियन इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट के सहयोग से मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की स्थापना शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब तकनीकी यूनिवर्सिटी कपूरथला और महाराजा रणजीत सिंह तकनीकी यूनिवर्सिटी बठिंडा की तरफ से तकनीकी शिक्षा के प्रसार के लिए अन्य सक्रिय नेतृत्व और योगदान के लिए यत्न किए जाएंगे।
कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की तरफ से उनको कैबिनेट मंत्री के तौर पर शामिल करके न सिर्फ कपूरथला बल्कि पूरे दोआबा क्षेत्र के लोगों को सम्मान किया गया है। पिछले 22 वर्षों से कपूरथला के लोगों की तरफ से जो प्यार और सत्कार उनको दिया गया है, वह उसके ऋणी रहेंगे।
इससे पहले डिप्टी कमिश्नर कपूरथला दीप्ति उप्पल, एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख, मेयर कुलवंत कौर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर एसपी आंगरा, अतिरिक्त डिप्टी कमिशनर (जनरल) अदित्या उप्पल, पार्षद नरिंदर मनसू, विकास शर्मा, मार्केट कमेटी के उपचेयरमैन राजिंदर कौड़ा और जिले के समूह उच्च अधिकारियों की तरफ से कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया गया। पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी की तरफ से कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह को गार्ड आफ आनर भी पेश किया गया।