पठानकोट। कोर्ट कांप्लेक्स पठानकोट में पेशी पर आया हवालाती हिमाचल पुलिस के जवानों से हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। हवालाती के कोर्ट कांप्लेक्स से फरार होने के बाद पेशी पर आए हिमाचल पुलिस के जवानों में हड़कंप मच गया। हिमाचल पुलिस की शिकायत पर थाना 1 पुलिस ने फरार आरोपी पर मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान जम्मू-कश्मीर के मेन बाजार सांबा निवासी प्रिंस कपूर के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है प्रिंस को हिमाचल प्रदेश की गग्गल पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था और वर्तमान में धर्मशाला जेल में बंद था। हिमाचल पुलिस के चार जवान पेशी के लिए धर्मशाला जेल से पठानकोट कोर्ट में लेकर आए थे। एडिशनल सेशन जज कुलभूषण कुमार की कोर्ट में पेशी के बाद उसे कोर्ट रूम से निकालकर बिना हथकड़ी गेट तक ले जाया गया। इस बीच मेन गेट से प्रिंस हिमाचल पुलिस जवानों के हथकड़ी लगाने से पहले ही हाथ छुड़ाकर फरार हो गया।
मामून में भी व्यापारी को मारी थी गोली
जानकारी के मुताबिक जनवरी 2019 में मामून में पांच नकाबपोशों ने ढाकी निवासी कारोबारी रमेश महाजन और मोहित कुमार पर पिस्तौल तानकर पैसों से भरा बैग लूट लिया था और विरोध करने पर रमेश महाजन को गोली मार दी थी। इस मामले में थाना शाहपुरकंडी पुलिस ने प्रिंस, सन्नी शर्मा, विशाल वर्मा, रमेश कुमार टोनी, बलबीर सिंह और गुलशन सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसी मामले में पुलिस उसे एडिशनल सेशन जज की कोर्ट में पेशी के लिए लाई थी। फिलहाल अब हिमाचल के अलावा पठानकोट पुलिस भी आरोपी की धरपकड़ के लिए जुटी है।