थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने पचास लाख रुपये की ठगी मारने के आरोप में पटवारी समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त आरोपियों ने पीड़ित को बेची हुई जमीन पर एक्सिस बैंक फिरोजपुर से 48 लाख रुपये का लोन लिया हुआ था। इसके बाद जमीन में से 16 कनाल सुखविंदर सिंह को 10 नवंबर 2020 को बेची थी। फिलहाल दोनों आरोपी फरार है।
पीड़ित राज सिंह निवासी कुटी (गुरुहरसहाए) जिला फिरोजपुर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गुरमीत सिंह निवासी मोहनके हिठाड़ जिला फिरोजपुर से गांव मोहनके हिठाड़ में 96 कनाल दो मरले जमीन खरीदने संबंधी इकरारनामा किया था। इसके एवज में उनके पिता खुशहाल सिंह ने गुरमीत को गवाह के सामने 50 लाख रुपये नकद दिए थे। आरोपी ने उक्त जमीन पर फिरोजपुर स्थित एक्सिस बैंक से 48 लाख रुपये का लोन लिया हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि ये सब कुछ गुरुहरसहाए के पटवारी अमृतपाल सिंह, तहसीलदार, कानूनगो व बैंक के अधिकारियों की मिलीभगत से हुआ है। यही नहीं आरोपी गुरमीत ने इसी जमीन में से 16 कनाल जमीन सुखविंदर सिंह को भी बेची हुई थी। सुखविंदर को उक्त जमीन की रजिस्ट्री नंबरदार जगीर सिंह मोहनके हिठाड़ की जाली गवाही डालकर करवाई गई थी। उक्त रजिस्ट्री का इंतकाल बिना किसी पड़ताल के जारी किया गया है।
जांच अधिकारी गुरमीत सिंह का कहना है कि गुरमीत सिंह व पटवारी अमृतपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।