फिरोजपुर। रेल डिवीजन फिरोजपुर की मंडल प्रबंधक डॉ. सीमा शर्मा ने बताया कि ट्रेनों में बिना टिकट सफर करने वाले 83713 यात्रियों से 5.97 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वाले 293 मुसाफिरों को 46500 रुपये जुर्माना भी किया गया है। यह जुर्माना डिवीजन ने मई माह में वसूला है।
डीआरएम ने बताया कि डिवीजन में ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
बिना टिकट यात्रा करने पर 250 रुपये जुर्माना और देना पड़ता है किराया
टिकट चेकिंग में राजस्व अर्जित करने के मामले में फिरोजपुर मंडल का इस बार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड अप्रैल माह में बना था और लगभग 05.21 करोड़ का राजस्व जमा किया गया था। बता दें कि टिकट चेकिंग के दौरान यदि कोई यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाया जाता है तो उसे रेलवे नियमानुसार कम से कम 250 रुपये जुर्माना और साथ में किराया भी देना पड़ता है।
मुख्य स्टेशनों पर की जाती है नियमित जांच
रेलवे स्टेशनों को साथ-सुथरा बनाए रखने तथा लोगों को गंदगी फैलाने से रोकने के लिए मंडल के मुख्य स्टेशनों पर नियमित जांच की जाती है। मंडल रेल प्रबंधक डॉ. सीमा शर्मा ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। टिकट चेकिंग का मुख्य उद्देश्य रेलवे टिकटों की बिक्री में सुधार और बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों से जुर्माना वसूलना है, ताकि वे भविष्य में टिकट लेकर ही यात्रा करें।